उत्तर प्रदेशलखनऊ

जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर दिए दिशा-निर्देश

ग्लोबल टाइम्स-7, डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क, समाचार संपादक डॉ धर्मेंद्र गुप्ता औरैया, उत्तर प्रदेश।

औरैया। जिलाधिकारी प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव ने जनपद की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि जो भी कार्य अवशेष हैं उन्हें शीघ्रता से पूर्ण किया जाये तथा शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की लक्ष्यपूर्ति संबंधित अधिकारी करना सुनिश्चित करें। इसके लिए किसी भी प्रकार की शिथिलता/लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई के बिना सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिये। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, कृषि, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, पेंशन, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत विभाग, जिला पंचायत राज तथा स्वास्थ्य विभाग की योजना की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि परिवार नियोजन, टीकाकरण तथा आयुष्मान कार्ड के लक्ष्य पूर्ति के लिए कार्मिकों की टीम की संख्या बढाकर कार्य करें, जिससे शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति हो सके। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी की कार्यशैली पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि ग्राम स्तरीय कार्यों की सतत समीक्षा करें जिससे कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जा सके। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि पशुओं के टीकाकरण को पूर्ण करें तथा निराश्रित गोवंशों के लिए कार्य योजना तैयार कर चारा आदि की व्यवस्था समय रहते पूर्ण करें। इसमें ग्राम प्रधानों का भी सहयोग लिया जाये। उन्होंने कहा कि पशुओं ककी ईयरटैगिंग की जाए जिससे पशु मालिक द्वारा पशु छोड़े जाने की जानकारी हो और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/समस्त नगर पंचायत एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित तिथि तक निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं/आश्रय स्थल पर नहीं पहुंचाया और घूमता हुआ पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अर्चना श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक हरेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button