आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण के उपरांत वितरित किये गये प्रमाणपत्र !Balrampur

अनिल कुमार गुप्ता
उतरौला(बलरामपुर)
क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यरत कार्यकत्रियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार चौधरी एवं सीडीपीओ राजेंद्र कुमार के द्वारा किया गया। जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र पर नामांकित 3 – 6 आयु वर्ग के बच्चों के लिए 52 सप्ताह की गतिविधियों पर आधारित विभाग से उपलब्ध कराई गई सीखने सिखाने की सामग्री के बेहतर प्रयोग की जानकारी दी गई। संदर्भदाता के रूप में धर्मेंद्र गोस्वामी एवं आनन्द कुमार रहें। सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण के उपरांत प्रमाणपत्र वितरित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार चौधरी ने कहा कि पूर्व प्राथमिक शिक्षा बच्चों की बुनियादी शिक्षा के क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि बच्चा यहां अपने आयु अनुसार दक्षताओं को प्राप्त कर लेता है तो आगे की कक्षाओं में बच्चा अपनी कक्षा अनुरूप दक्षताओं को आसानी से हासिल कर पाता है। अतः आवश्यक है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले शत प्रतिशत बच्चों को उनके आयु वर्ग के हिसाब से संसाधन उपलब्ध कराते हुए उन्हें खेल-खेल में शिक्षा दी जाए। सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण गुणवत्तापूर्ण धरातल पर संचालित हो। जिससे विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी और बालवाटिका को इसका पूरा लाभ मिल सके।






