परिवार के टूटते ही समाज और राष्ट्र के टूटने का खतरा पैदा हो जाता है: वीरेंद्र सिंह मस्त

ग्लोबल टाइम्स -7 डिजिटल न्यूज नेटवर्क तहसील रसड़ा सुनील कुमार
रसड़ा, बलिया। स्थानीय अमर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज के शताब्दी समारोह के समापन अवसर पर रविवार को सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने कहा है कि भारत केवल एक जमीन का टुकड़ा नहीं है ।भारत की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति एवं परंपरा रही है जिसे पूरी दुनिया स्वीकार करती है ।भारतवर्ष का ज्ञान विद्या मंदिरों से होकर गुजरता है। यहां वेदों की रचना की गई और हर विषयों का ज्ञान ऋषि मुनियों के पास था ।उन्होंने कहा कि बाइबल ,गीता कुरान और गुरु ग्रंथ साहिब ने समाज को एक जीवन दर्शन दिया है। भारत की तपोभूमि पर कणाद ऋषि ने परमाणु की खोज की और पराशर ऋषि ने प्राकृतिक खेती पर बल दिया था। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग रामचरित मानसिकता पर टिप्पणी कर रहे हैं जबकि ब्राह्मण ,क्षत्रिय ,वैश्य और शूद्र शरीर के ही अलग-अलग भाग हैं। अगर ब्राह्मण दुराचारी हो जाए, क्षत्रिय अत्याचारी हो जाए और वैश्य भ्रष्टाचारी हो जाए तो समाज को शुद्र श्रम शक्ति ही बचाती है। शूद्र की तुलना उन्होंने पैर से की पैर की तुलना श्रम से। उन्होंने कहा कि उन्होंने दुनिया के कई देशों की यात्रा की है उनकी नजर में दुनिया एक बाजार है जो विघटन पैदा करती है लेकिन भारतवर्ष भोग नहीं त्याग की भूमि है। उन्होंने कहा कि प्रथम इकाई परिवार है परिवार के टूटते ही समाज और राष्ट्र के टूटने का खतरा पैदा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में बलिया ने बहुत बड़ी भूमिका अदा की है और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद भगत सिंह के नाम पर यह इंटर कॉलेज का पिछले 100 वर्षों का गौरव पूर्ण इतिहास है उन्होंने प्रधानाचार्य की मांग पर अपनी सहमति व्यक्त की कि वे रसड़ा अमर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज को स्मार्ट कॉलेज बनाने के लिए भारत सरकार के शिक्षा विभाग से बात करेंगे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बलिया के लोकप्रिय सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर का स्वागत किया।
सभा को आदर्श नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सोनी एवं उप प्रबंधक मोहम्मद मुज्तबा हुसैन ने भी संबोधित किया ।इस अवसर पर पूर्व छात्रों एवं अध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। पूर्व अध्यापक राजेंद्र मिश्रा, शिवानंद तिवारी, अवधेश सिंह अश्वनी कुमार तिवारी ,वकील तिवारी, रामनिवास सिंह रविंद्र प्रजापति, लालजी तिवारी ,तारकेश्वर सिंह मोहन सिंह ,अवधेश त्रिपाठी, दयाशंकर पांडे, अब्दुल्लाह अंसारी, रामबचन यादव ,डॉक्टर शब्बीर अंसारी नेत्र रोग विशेषज्ञ, पूर्व न्यायिक अधिकारी व्रजनारायन सिंह को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में नृत्य नाटिका एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। सभा का संचालन घनश्याम एवं अर्जुन जायसवाल ने किया जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन विजय पांडे जी ने किया।