पति हंता आरोपित महिला को शिवली पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

ग्लोबल टाइम्स- 7 न्यूज़ नेटवर्क 0006
राकेश कुमार मिश्रा
उपजिला संवाददाता
06 जुलाई 2024
शिवली कानपुर देहात, कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत दो दिन पूर्व हुए एक व्यक्ति की हत्या का खुलासा करते हुए शिवली पुलिस ने पति की हत्या में शामिल मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है | प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव हथिका निवासिनी एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने पति की पीट पीट कर निर्मम हत्या कर दी थी जिस पर मृतक की मां ने बहू और उसके प्रेमी तथा दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था जिसमें पुलिस ने हत्यारोपित महिला को मैंथा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा है | बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र के हथिका गांव निवासी 42 वर्षीय विनीत कुमार मिश्रा उर्फ मंजुल वर्तमान में अपने पत्नी दीपा उर्फ नेहा और बच्चों के साथ मारग मैथा में निवास बना कर रह रहा था, गुरुवार की रात किसी बात से विवाद होने पर उसकी पत्नी दीपा अपने साथी उमाकांत के साथ मिल कर पति की पीट पीट कर हत्या कर दी थी और अपराध को छिपाने के उद्देश्य से खुद पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली ले कर गयी थी जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया, घटना की जानकारी होने पर मृतक युवक की मां कमला भी वहां पहुंच गयीं और बेटे के शरीर पर कई गंभीर चोटें देख उसे शक हुआ और पुलिस को सूचना दे दी जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जिसमें लगभग एक दर्जन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत की पुष्टि हुई ! कोतवाली प्रभारी संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की माँ द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली शिवली में दो नामजद तथा दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है जिसके आधार पर मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है शेष लोगों की तलाश जारी है |





