सभासदों को नहीं जानकारी, नगर पंचायत में कौन कौन कर्मचारी

नगर पंचायत अध्यक्ष नहीं दिलवा रहे कर्मचारियों की लिस्ट
नगर पंचायत अध्यक्ष पति पर मनमानी का आरोप
ईओ ने समस्या को शीघ्र शार्ट आउट करने का दिया आश्वाशन
जीटी-7, सुनील कुमार ओझा संवाददाता तहसील अजीतमल। 21 मई 2024
#अटसू,औरैया। नगर पंचायत अटसू के सभासदगणों को अभी तक नगर पंचायत में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी नहीं है। कई बार सभासद नगर पंचायत अध्यक्ष और लिपिक से स्थाई, अस्थाई, ठेका, संविदा कर्मचारियों की लिस्ट मांग चुके हैं। किंतु अभी तक उन्हें लिस्ट मुहैया नहीं कराई गई है। जिससे सभासदगण, किसी कार्य को नहीं करवा पा रहे हैं।
मंगलवार को फफूंद नगर पंचायत अधिशाषी अधिकारी विनय शुक्ला को अटसू नगर पंचायत का चार्ज दिया गया। चार्ज लेते ही सभासदों ने एक राय होकर कर्मचारियों की जानकारी न दिए जाने की लिखित शिकायत अधिशाषी अधिकारी को दी। सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु गुप्ता के पति स्वदेश पोरवाल, मनमानी कर रहे हैं। अपनी मर्जी से स्थाई, अस्थाई,संविदा, ठेका कर्मचारियों को नियुक्त करने की बात कहते हुए , मांगी जा रही कर्मचारियों की लिस्ट मुहैया नहीं करवा रहे हैं। कई कर्मचारी नगर पंचायत में उपस्थित न होने के बाबजूद भी अध्यक्ष पति की मनमानी से मौज कर वेतन पा रहे हैं।अधिशाषी अधिकारी विनय शुक्ला ने बताया कि उन्होंने अभी ही चार्ज लिया है। सभासदों के साथ बैठक की गई है। कार्यालय लिपिक से कर्मचारियों के बारे में आख्या मांगी है। शीघ्र ही समस्या को शार्ट आउट कर दिया जाएगा।