15 दिवसीय कौशल सुधार प्रशिक्षण संपन्न !

समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को बांटे गए प्रमाण पत्र
ग्लोबल टाइम्स-7, डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क, जिला ब्यूरोचीफ राम प्रकाश शर्मा औरैया।
औरैया। जिले के औरैया विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत जैतापुर में ग्रामोद्योग अधिकारी बाल गोविंद तिवारी औरैया के संयोजकतत्व एवं ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के बैनर तले मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र कालपी जालौन द्वारा आयोजित 15 दिवसीय कौशल सुधार प्रशिक्षण का आज बुधवार को समापन हो गया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गये। यह 15 दिवसीय कार्यक्रम 27 दिसंबर 2022 से प्रारंभ होकर 10 जनवरी 2023 तक चला। जिसका आज विधिवत समापन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान दो चरणों में 50 प्रशिक्षणार्थियों को अगरबत्ती उद्योग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को अगरबत्ती उद्योग से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। उधर विकासखंड भाग्यनगर क्षेत्र के ग्राम धमसेनी में अनुसूचित जाति की महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया है।
विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत जैतापुर में ग्राम प्रधान अभिषेक यादव की अध्यक्षता में उपरोक्त कार्यक्रम का शुभारंभ एवं समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रशिक्षक अरविंद कुमार शुक्ला एवं सहयोगी रामशंकर सोनकर ने प्रशिक्षणार्थियों (सामान्य वर्ग) को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जागरूक करते हुए कहा कि ग्रामोंद्योग का तात्पर्य है, कि वह उद्योग नगर निगम/नगर पंचायत क्षेत्र के बाहर जो ग्रामीण क्षेत्र में हो तथा जहां की आबादी 20 हजार से अधिक न हो वहां स्थापित हो। जिसके उत्पादन व सेवा का कार्य करने में विद्युत का प्रयोग हो अथवा न हो एवं 50 हजार प्रति व्यक्ति पूंजी विनियोग से अधिक न हो ऐसी इकाइयों को ग्रामोद्योग माना जाता है। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को अगरबत्ती उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने एवं आर्थिक लाभ कमाने के लिए प्रेरित करते हुए जागरूक किया गया। समापन अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के द्वारा 50 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गये। प्रमाण पत्र पाने वालों में मोहित हिमांशु अंकित वेद प्रकाश गौरव नीरज राधा रचना मालती व अनुराधा के अलावा अन्य प्रशिक्षणार्थी शामिल रहे। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि अनुज यादव एवं मोहिनीश गौतम सहित अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी बाल गोविंद तिवारी ने बताया कि इसके अलावा विकासखंड भाग्यनगर क्षेत्र के ग्राम धमसैनी में अनुसूचित जाति की 25 महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया है।






