उत्तर प्रदेशलखनऊ

आयुषी और आरोपी मां-पिता के डीएनए का होगा मिलान


गोपाल चतुर्वेदी
ग्लोबल टाइम्स 7 न्यूज नेटवर्क
मथुरा
आयुषी हत्याकांड :
आयुषी और आरोपी मां-पिता के डीएनए का होगा मिलान

  • भेजे गए नमूने, ट्रॉली बैग में मिला था आयुषी का शव
    मथुरा। राया पुलिस ने आयुषी और मां ब्रजबाला व पिता नितेश यादव का डीएनए जांच के लिए सैंपल आगरा की विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा है। जांच के बाद ही यह सबूत भी होगा कि शव आयुषी का ही था। हालांकि पुलिस की शुरूआती जांच में मिला शव आयुषी का होना स्पष्ट है। पुलिस मां और पिता को हत्या के मामले में जेल भी भेज चुकी है।
    १८ नवंबर-२०२२ को यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन १०८ की सर्विस रोड पर कृषि अनुसंधान केंद्र के पास आयुषी की लाश को झाड़ियों में फेंका गया था। एसएसपी ने हत्याकांड के खुलासे और पहचान के लिए १४ टीमें लगाईं थीं। ४८ घंटे में एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम ने पहचान करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। मां और पिता ने बेटी आयुषी की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को ट्रॉली बैग में झाड़ियों के पास फेंका था। यह सभी तथ्य पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस के माध्यम से जुटाए थे।
    बिना बताए राजस्थान के युवक से शादी करने के चलते मां और पिता ने मकान नंबर २४६१, स्ट्रीट नंबर ६५, ब्लॉक ई/२ मोलरबंद एक्सटेंशन बदरपुर नई दिल्ली में आयुषी की दो गोलियां मारकर हत्या की थी। प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेयी ने बताया कि आयुषी और मां-पिता के डीएनए के सैंपल जांच को आगरा की एफएसएल भेजे गए हैं। हालांकि शुरूआत में सभी तथ्य साफ है, फिर भी एक बार आरोपी मां और पिता के अलावा आयुषी के डीएनए सैंपल का मिलान कराया जाएगा। हाल ही में यह सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
    आयुषी हत्याकांड में टोल कर्मचारियों के लिए पुलिस ने बयान
    दिल्ली की बीसीए छात्रा आयुषी हत्याकांड में राया पुलिस ने अभी तक १० लोगों के बयान लिए हैं। इनमें आयुषी के प्रेमी छत्रपाल और उसके दोस्त मानवेंद्र भी शामिल हैं। इसके अलावा जाबरा टोल, जेबर टोल और कोसी टोल के कर्मचारियों के बयान पुलिस ले चुकी है। जल्द ही अन्य गवाहों के बयान लेकर पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी।
Global Times 7

Related Articles

Back to top button