उत्तर प्रदेशलखनऊ

खाद के नाम पर किसानों का लाखों रुपया निकाला

बैंक का नोटिस पहुँचने पर किसानों को ऋण की हुई जानकारी

ग्लोबल टाइम्स-7, डिजिटल न्यूज नेटवर्क, फफूँद ब्यूरो ओम कैलाश राजपूत।

फफूँद,औरैया। थाना क्षेत्र के एक गांव की साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष और सचिव ने सहकारी बैंक के प्रबंधक और कैशियर के साथ मिलकर फर्जी तरीके से समिति के दस सदस्य किसानों के खाद ऋण के नाम पर सात लाख रूपया निकाल लिया। पांच साल बाद वसूली नोटिस पहुंचने के बाद किसानों को धोखाधड़ी की जानकारी हुई।जिसके बाद दो महीने तक अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी जब उन्हें न्याय नहीं मिला तो उन्होने कोर्ट का सहारा लिया।कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फफूँद क्षेत्र के गांव फतेहपुर रामू निवासी 63 वर्षीय वृद्ध किसान लोकेंद्र सिंह ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि साधन सहकारी समिति जुआ में वह सदस्य हैं।वर्ष 2017 में अध्यक्ष, सचिव और वर्तमान सचिव ने उनके 111434 रुपए व गांव के ही नौ अन्य किसानों महेश चंद्र 99788 रुपए एपी सिंह, 74484 रुपए, उदय 46424 रुपए, गुलाब सिंह 58446 रुपए सत्य नारायण 55679 रुपए, कप्तान सिंह,74264 रुपए, हरविंद सिंह 33938 रुपया, शिरोमणी देवी, 37997 रुपया व ओमपाल के नाम पर 111434 रुपए खाद ऋण के नाम पर सहकारी बैंक फफूँद शाखा से जालसाजी और धोखाधड़ी करके सात लाख आठ सौ छियासी रुपये खाद के नाम पर निकाल लिए साथ ही डेढ़ सौ अन्य किसानों के साथ भी धोखाधड़ी करके लाखों रुपया निकाला गया। जबकि उन लोगों ने समिति से खाद नहीं ली और न ही कोई बकाया है। आठ अगस्त 2022 को बैंक से वसूली और नीलामी का नोटिस पहुंचने पर उन लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने जिलाधिकारी और एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर न्याय मांगा, लेकिन धोखाधड़ी करने वालों की पहुंच होने से दो महीने अधिकारियों के दर पर भटकने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, और उन लोगों से जबरन वसूली की जा रही है। मजबूर होकर न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने साधन सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश सचिव राम सेवक निवासी गांव शिबूपुर थाना फफूँद व वर्तमान सचिव सत्येंद्र ऊर्फ त्रिलोक निवासी गांव जुआ थाना फफूँद व पूर्व प्रबंधक और पूर्व कैशियर सहकारी बैंक फफूँद पता नामालूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस सम्बंध में अपराध निरीक्षक राजपाल सिह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button