उत्तर प्रदेश

कोविड वैक्सीन पर ‘ब्लैक बॉक्स वार्निंग’ की तैयारी? FDA के मंथन से मचा हड़कंप

Breaking

खबर:
कोविड-19 वैक्सीन को लेकर अमेरिका से बड़ी जानकारी सामने आई है। अमेरिकी ड्रग रेगुलेटरी बॉडी FDA (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) कोविड वैक्सीन पर अपनी सबसे सख्त सुरक्षा चेतावनी यानी ‘ब्लैक बॉक्स वार्निंग’ लगाने पर विचार कर रही है। यह चेतावनी वैक्सीन से जुड़े संभावित गंभीर जोखिमों, खासकर युवाओं में मायोकार्डिटिस (हृदय में सूजन) की आशंका से जुड़ी हो सकती है।
ब्लैक बॉक्स वार्निंग FDA की सबसे कड़ी चेतावनी मानी जाती है, जो दवा के पैकेट और मेडिकल डॉक्यूमेंट्स में सबसे ऊपर लिखी जाती है। इसका मतलब होता है कि दवा से बहुत दुर्लभ लेकिन गंभीर और जानलेवा साइड इफेक्ट्स का खतरा हो सकता है। इससे पहले ऐसी चेतावनी ओपिओइड पेनकिलर और कुछ शक्तिशाली दवाओं पर लग चुकी है।
चेतावनी क्यों?
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ विशेषज्ञों ने mRNA कोविड वैक्सीन (फाइजर और मॉडर्ना) के बाद युवाओं, खासकर 12 से 24 साल के लड़कों में मायोकार्डिटिस के मामलों पर चिंता जताई है। इसी को लेकर FDA के भीतर चेतावनी पर मंथन चल रहा है। हालांकि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और यह भी साफ नहीं है कि चेतावनी सिर्फ mRNA वैक्सीन पर लगेगी या सभी कोविड-19 वैक्सीन पर।
कंपनियों और सरकार का रुख
अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जब तक FDA की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इसे केवल अटकल माना जाए। वहीं, फाइजर और मॉडर्ना का कहना है कि उनके टीकों की दुनिया भर में कड़ी निगरानी हुई है और अब तक बच्चों व गर्भवती महिलाओं में कोई नई गंभीर समस्या सामने नहीं आई है।
FDA में अंदरूनी मतभेद
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि FDA के एक वरिष्ठ अधिकारी, जो पहले वैक्सीन नीति की आलोचना कर चुके थे, अब ब्लैक बॉक्स वार्निंग की वकालत कर रहे हैं। इसके साथ ही कुछ संगठनों ने युवाओं में जोखिम का हवाला देते हुए mRNA वैक्सीन का लाइसेंस रद्द करने की मांग भी उठाई है।
फिलहाल FDA का अंतिम फैसला आना बाकी है, लेकिन इस संभावित चेतावनी ने अमेरिका समेत दुनिया भर में कोविड वैक्सीन को लेकर बहस तेज कर दी है।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button