उत्तर प्रदेश

बसपा छोड़ कार्यकर्ताओंके साथ भाजपा में शामिल हुए रामकुमार अवस्थी

जीटी-7, सुशील कुमार विश्वकर्मा संवाददाता दिबियापुर। *01 मई 2024 *#दिबियापुर,औरैया।* नगर के एक गेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई जिसमें जिले के दिग्गज बसपाई रहे रामकुमार अवस्थी ने बड़ी संख्या में अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। पेशे से राजकीय ठेकेदार एवं राजनीतिज्ञ रहे उन्होंने अपनी पारी बहुजन समाज पार्टी से शुरू कर पहला जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़कर जीत हासिल की। तत्पश्चात दिबियापुर विधानसभा से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। यद्यपि उनको इस चुनाव में जीत तो नहीं मिली लेकिन उनको रिकार्ड तोड़ वोट 53000 मिले। अभी हाल में ही उनकी पत्नी ने दिबियापुर नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी होकर लड़ा था लेकिन उसमें सफल न हो सकीं थीं कारण उनके सामने बसपा का दूसरा अधिकृत प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में था। .मंगलवार को उन्होंने इटावा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया के सम्मुख अपने कार्यकर्ताओं के साथ विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिबियापुर के पूर्व विधायक व राज्य मंत्री रहे लखन सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि पहले औरैया जिला इटावा जिले का ही हिस्सा था लेकिन जब से जिला औरैया अस्तित्व में आया है यहां पर विकास के कार्य युद्ध स्तर पर किए गए हैं। चाहे मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो, बिधूना में नेत्र चिकित्सालय हो, दिबियापुर का आधुनिक बस अड्डा हो या अन्य बहुत से विकास के कार्य। औरैया में केंद्र की और प्रदेश की भाजपा सरकारों द्वारा बहुत से विकास के कार्य कराए गए हैं। जिला प्रभारी आनंद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार अपने प्रत्याशी प्रोफेसर डॉ राम शंकर कठेरिया जी को औरैया जनपद की सदर और दिबियापुर विधानसभा से ऐतिहासिक जीत मिलेगी और जीत का अंतर पहले से दोगुना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता ने भी अपने संबोधन में सभी लोगों से कहा कि अगर कोई राजनैतिक दल राष्ट्र की बात करता है तो वह है भारतीय जनता पार्टी जिसमें एक साधारण सा कार्यकर्ता देश के उच्च पद पर आसीन हो सकता है। कार्यक्रम को दिबियापुर विधानसभा प्रभारी महेंद्र मिश्रा, विधानसभा संयोजक सरनाम सिंह शाक्य, अरुण कुमार उर्फ लाल दुबे और आसाराम राजपूत ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में पांच सैकड़ा से भी ज्यादा भाजपाई मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश कुमार अग्निहोत्री जिला संयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा औरैया एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रधानाचार्य परिषद उत्तर प्रदेश ने किया।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button