अयोध्या

अयोध्या में 8 घंटे रहे बिग बी,राममंदिर में टेका माथा; कहा- कहीं भी रहे पर कहलाए गए छोरा गंगा किनारे वाला

Global times 7 news updates
➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

अयोध्या।

======= रामनगरी में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन पूरी तरह राममय रहे। उन्होंने न सिर्फ अयोध्या बल्कि, स्वयं को उत्तर प्रदेश से भी जोड़ने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। एक नामी आभूषण विक्रेता के सिविल लाइन स्थित शो रूम के उद्घाटन से पहले वह अपने प्रशसंकों से मिले।
उन्होंने कहा, पिता जी अवधी में कहावत कहते थे, ‘हाथी घूमै गांव-गांव, जेकर हाथी ओकर नाव। इसलिए हम कहीं भी रहे, कोलकाता में रहे, दिल्ली में रहे, मुंबई में रहे, लेकिन जहां भी रहे, कहलाए गए छोरा गंगा किनारे वाला।
अयोध्यावासी बन चुके अमिताभ ने जयश्रीराम के उद्घोष से लोगों का अभिवादन किया। ज्वेलर्स के ब्रांड एंबेसडर ने कहा, अब अयोध्या आना-जाना लगा ही रहेगा। इससे पहले अमिताभ सुबह करीब साढ़े नौ बजे विशेष विमान से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से सीधे रामजन्मभूमि गए।


सुबह कुर्ता-पायजामा में रामलला का दर्शन-पूजन किया। रामजन्मभूमि के मार्ग पर उनके प्रशंसक भी एक झलक पाने को खड़े थे, लेकिन उन्हें परिसर के 11 नंबर गेट से प्रवेश करा दिया गया। इसके बाद प्रशंसक निराश हो वापस लौट गए। परिसर में मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उनका स्वागत किया।


रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के 20 दिन के अंदर दूसरी बार अयोध्या पहुंचे अमिताभ ने शोरूम के उद्घाटन के दौरान कहा, कल्याण परिवार से उनका वर्षों पुराना संबंध रहा है। उद्घाटन के अवसर पर सूट पहने दिखे बिग बी ने जयश्रीराम के उद्घोष से ही अपने संबोधन का समापन किया। अमिताभ करीब एक घंटे शो रूम में ही रहे। इसके उपरांत वह एयरपोर्ट से विशेष विमान से वापस मुंबई रवाना हो गए।


बिग बी रामनगरी में करीब आठ घंटे तक रहे। सुबह साढ़े नौ बजे यहां पहुंचे और शाम साढ़े पांच बजे यहां से रवाना हुए। रामलला का दर्शन करने के उपरांत वह सीधे मंडलायुक्त आवास पहुंचे, जहां कमिश्नर गौरव दयाल ने उनका स्वागत किया। मंडलायुक्त आवास पर ही अयोध्या राज परिवार से जुड़े प्रसिद्ध कवि एवं कलाविद् यतींद्र मिश्र, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा, आइजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी राजकरण नय्यर, नगर आयुक्त विशाल सिंह आदि से उन्होंने भेंट की। इसके बाद बिग बी मंडलायुक्त आवास पर पहले से खड़ी वैनिटी वैन में चले गए, जहां उन्होंने पूरा दिन बिताया।


अमिताभ के प्रशंसकों को नियंत्रित करने में पुलिस-प्रशासन को पसीना छूट गया। सिविल लाइन स्थित दैनिक जागरण तिराहा से गांधी पार्क के बगल से सदर तहसील को जाने वाल मार्ग को एकल कर दिया गया। इसके बद भी बिग बी के प्रशंसकों को पुलिस नियंत्रित नहीं कर पा रही थी, जिसके बाद मार्ग के दोनों लेन को बंद करना पड़ा।
बस अड्डे की ओर से आने वाले वाहनों को तहसील मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया, जबकि रिकाबगंज हनुमागढ़ी की ओर से आने वाले वाहनों को पुलिस लाइन व कैंट की ओर डायवर्ट किया गया। कल्याण ज्वेलर्स के शोरूम केे उद्घाटन के उपरांत अमिताभ करीब एक घंटे तक वहीं रहे। इस दौरान उनके प्रशंसक टस से मस नहीं हुए।
अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहीं महिलाएं स्कूटी खड़ी कर अमिताभ की एक झलक पाने को कल्याण ज्वेलर्स के शो रूम की ओर भागती दिखीं। तमाम स्कूली बच्चे भी यत्र-तत्र साइकिल-स्कूटी खड़ी कर अमिताभ की एक झलक पाने को उत्सुक दिखे। रोडवेज तक उनके प्रशंसकों का मार्ग के दोनों ओर एकत्रीकरण रहा। वापसी में अमिताभ ने कार के अंदर से ही हाथ जोड़ कर लोगों का अभिवादन किया।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button