भाजपा सरकार में महिलाओं का बढ़ा सम्मान-डा. विजया तिवारी

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में गिनाई उपलब्धियां
जीटी-70017, राम प्रकाश शर्मा ब्यूरोचीफ औरैया।
31 अक्टूबर 2023
#बिधूना,औरैया।
कस्बे के एक गेस्ट हाउस में बिधूना विधानसभा की भाजपा महिला मोर्चा का नारी शक्ति वंदन सम्मेलन संपन्न हुआ। भाजपा नेताओं ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान तेजी से बढ़ा है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डा विजया तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकारें महिलाओं को सम्मान देने का कार्य कर रही है। केंद्र सरकार ने संसद के पांच दिन के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पास कराया। संसद की पुरानी इमारत में शुरू हुई यह लड़ाई संसद की नई इमारत में लिखी गई। मोदी कैबिनेट ने महिला आरक्षण बिल को मंजूरी देकर महिलाओं को सम्मान दिया। यह बिल पिछले 27 साल से लटका हुआ था। महिलाओं को चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिला विधेयक के अंतर्गत तीन तलाक को दंडनीय अपराध लागू करके भाजपा सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को सम्मान दिया। तत्काल तीन तलाक देने वाले पति को अधिकतम तीन साल तक की सजा और जुर्माना का प्रावधान किया गया है। मजिस्ट्रेट को पीड़िता का पक्ष सुनने के बाद सुलह कराने और जमानत देने का अधिकार दिया गया है। मुकदमे से पहले पीड़िता का पक्ष सुनकर मजिस्ट्रेट आरोपी को जमानत दे सकता है। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुराने संसद भवन में अपने अंतिम भाषण में कहा कि दोनों सदनों में अब तक 7500 से अधिक जन प्रतिनिधियों ने काम किया है। जबकि महिला प्रतिनिधियों की संख्या करीब 600 रही है। महिलाओं के योगदान ने सदन की गरिमा बढ़ाने में मदद की है। भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा महिलाओ के चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया। इस अवसर पर सुधा चौहान,मनू राजपूत,कंचन श्रीवास्तव,मेनका शर्मा,सविता राजावत, प्रतिमा पोरवाल आदि लोग मौजूद रही।