नए साल से पहले ब्रज में आने लगे श्रद्धालु:28 दिसंबर से 2 जनवरी तक होटल-गेस्ट हाउस फुल

गोपाल चतुर्वेदी
ग्लोबल टाईम्स 7 न्यूज
मथुरा
श्रद्धालु ब्रज में भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ 2022 के अंतिम दिनों में होगी। मथुरा वृंदावन में 28 दिसंबर से लेकर 2 जनवरी तक होटल गेस्ट हाउस फुल हो गए हैं। श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
मथुरा वृंदावन में हैं 500 होटल, गेस्ट हाउस
धार्मिक नगरी मथुरा वृंदावन में हर साल करोड़ों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए आते हैं। तीर्थ स्थल होने के कारण मथुरा वृंदावन में होटल, गेस्ट हाउस अच्छी संख्या में हैं। मथुरा वृंदावन होटल एसोसिएशन की मानें तो यहां 500 से ज्यादा होटल, गेस्ट हाउस हैं। इसके अलावा कई ट्रस्ट की ओर से बनाए गए स्थान भी हैं जो एसोसिएशन में नहीं हैं।
मथुरा वृंदावन होटल एसोसिएशन की मानें तो यहां 500 से ज्यादा होटल,गेस्ट हाउस हैं
28 दिसंबर से 2 जनवरी तक है हाऊस फुल
2022 की विदाई और 2023 का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन और ब्रज के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए होटल,गेस्ट हाउस संचालक भी पूरी तरह तैयार हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह की मानें तो 28 दिसंबर से लेकर 2 जनवरी तक सभी जगह फुल हो गई हैं।
कोविड नियमों का कराया जायेगा पालन
चीन सहित अलग अलग देशों में फैल रहे कोरोना को देखते हुए होटल ,गेस्ट हाउस संचालक भी एहतियात बरत रहे हैं। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी अमित जैन ने बताया कि दो वर्ष बाद होटल व्यवसाय नए साल के अवसर पर उभरने के आसार हैं।
हालांकि उन्होंने कोरोना की बढ़ती दहशत के कारण आशंका जताई कि कहीं इस बार भी श्रद्धालुओं की संख्या कम न रह जाए। अमित जैन ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का होटल,गेस्ट हाउस में पालन किया जायेगा।
सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का होटल,गेस्ट हाउस में पालन किया जायेगा
2021 दिसंबर में आए थे 18 लाख पर्यटक
पिछले सालों में देखें तो पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर महीने में 2021 में 18 लाख श्रद्धालु आए थे। इस वर्ष यह आंकड़ा 25 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। कोरोना के पीक वर्ष 2020 में भी ब्रज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 91 लाख 26 हजार 481 रही। इनमें 23 हजार 481 विदेशी श्रद्धालु थे।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर महीने में 2021 में 18 लाख श्रद्धालु आए थे
2021 में ब्रज आए 3 करोड़ श्रद्धालु
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक ब्रज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2 करोड़ 96 लाख 3 हजार 451 रही। लेकिन इस वर्ष विदेशी श्रद्धालु बहुत कम आए यानी कुल 636 विदेशी श्रद्धालु ही ब्रज पहुंचे थे। इन श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा संख्या वृंदावन पहुंचने वाले भक्तों की रही। 2021 में 1 करोड़ 30 लाख 46 हजार 242 श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे।
2021 में 1 करोड़ 30 लाख 46 हजार 242 श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे
श्रद्धालु मित्र करेंगे श्रद्धालुओं को गाइड
नए वर्ष के अवसर पर वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन ने हर तिराहा चौराहा पर श्रद्धालु मित्र तैनात किए हैं।
डीएम पुलकित खरे ने श्रद्धालुओं मित्रों को ट्रेनिंग देते हुए श्रद्धालुओं के साथ प्रेम पूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने श्रद्धालु मित्रों को जैकेट वितरित किए। यह श्रद्धालु मित्र एनसीसी, एनएसएस,स्काउट और नेहरू युवा केंद्र से जुड़े हुए युवा हैं।