उत्तर प्रदेशलखनऊ
घाटमपुर क्षेत्र में यमुना नदी उफान पर, कई गांव बाढ़ से घिरे

- ग्रामीणों में दहशत का माहौल
24 अगस्त
gt7 न्यूज नेटवर्क
कानपुर। जनपद की घाटमपुर तहसील क्षेत्र में यमुना नदी का पानी लगातार बढ़ने लगा है। जिससे कई गांवो में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। यमुनापट्टी क्षेत्र में बसे लोग इसे लेकर भयभीत हैं।
बता दें कि कानपुर नगर जनपद में यमुना नदी का पानी बीते कई दिनों पहले बढ़ना शुरू हुआ था। बताया गया कि ऐसा नदी में बांध से पानी छोड़े जाने के बाद हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि एक बार पानी बढ़ने के बाद नीचे उतर गया था। लेकिन बुधवार की सुबह से फिर एकाएक जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। जिसके चलते घाटमपुर तहसील क्षेत्र के गड़ाथा गांव से लेकर हमीरपुर की सीमा पर बसे रामपुर और समुही भटपुरवा गांव तक यमुना नदी का जलस्तर लगातार उफान पर है।
गड़ाथा गांव निवासी सत्येंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह परमार, राजू दुबे, मुन्ना सिंह चौहान और अन्य लोगों ने बताया कि यमुना नदी का पानी गांव की बस्ती की ओर घुस रहा है। बताया कि मुख्य सड़क के ऊपर तक पानी पहुंच गया है। जिससे सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। जबकि, घरों के अंदर पानी जाने की आशंका शुरू हो गई है।
गांववालों ने बताया कि अभी तक प्रशासन की ओर से राहत बचाव कार्य शुरू नहीं कराए गए हैं। बताया कि जिस तेजी के साथ जलस्तर बढ़ रहा है उससे जल्दी ही लोगों के घरों के भीतर पानी भरने में कोई देर नहीं लगेगी।
इधर तहसील प्रशासन का कहना है कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिली है। जिस पर संबंधित गांवो में निगरानी रखी जा रही है। बताया कि राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा रहे हैं।
फोटो- घाटमपुर क्षेत्र में यमुना नदी का हाल।