यमुना पुल पर डामरीकरण शुरू, 2 अक्टूबर से आवागमन शुरू

करीब 11 महीने से यमुना पुल पर आवागमन चल रहा प्रतिबंधित, आवागमन रहा प्रभावित
एसई ने गुरुवार को किया पुल पर चल रहे कार्य का निरीक्षण
जीटी-7017, राम प्रकाश शर्मा ब्यूरोचीफ औरैया।
29 सितंबर 2023
#औरैया।
शेरगढ़ घाट यमुना पुल पर गुरुवार से डामरीकरण का काम शुरू हो गया है। अधिकारियों के अनुसार चार-पांच दिन में पूरा काम हो जाएगा। 2 अक्टूबर से पुल पर आवागमन पूरी तरह शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुल पर आवागमन शुरू होने की लोग काफी समय से उम्मीद लगाए हैं। गुरुवार को एसई ने पुल का निरीक्षण कर जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
शेरगढ़ घाट स्थित यमुना पुल पर करीब 11 महीने से आवागमन बंद है। जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जालौन जिले से आने वाले व्यापारियों व अन्य लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। पुल के दोनों ओर वाहन संचालित हो रहे हैं। सवारियों को बोझा लेकर पैदल पुल पार करना पड़ रहा था। कुछ समय पहले बाइक सवारों के लिए पुल खोल दिया गया। लेकिन पुल पर डामरीकरण ना होने के चलते बड़े वाहन अब तक संचालित नहीं हो रहे हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम गुरुवार को पुल पर पहुंची। काम का निरीक्षण करने के लिए इटावा के एस ई नरेश चंद्रा मौके पर गए। जहां उन्होंने अधिशासी अभियंता अभिषेक यादव को जल्द से जल्द पुल पर डामरीकरण का काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उनकी दिशा निर्देशन में डामरीकरण का काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि चार-पांच दिन में काम पूरा हो जाएगा। 2 या 3 अक्टूबर से पुल पर सभी प्रकार के वाहन संचालित होने लगेंगे। बता दें कि 11 नवंबर को पुल पर बड़े तत्कालीन डीएम प्रकाश चंद श्रीवास्तव के निर्देश पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। कुछ महीने बाद जब टेंडर हो गया। तो दु-पहिया वाहनों पर भी रोक लगा दी गई। यानी आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया। औरैया व जालौन दोनों जिलों के लोग पुल पर आवागमन शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।