बीएसएफ जवान के घर नगदी जेबरात समेत लाखों रुपए की हुई चोरी

एएसपी सीओ समेत फॉरेंसिक टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची
जीटी-70017, राम प्रकाश शर्मा ब्यूरोचीफ औरैया।
23 जुलाई 2023
#बिधूना,औरैया।
सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत जवान के ताला बंद पड़े मकान के बीती रात अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर और मकान के अंदर घुसकर बक्सों व अलमारी से 25 हजार रुपए नगदी समेत लाखों रुपए के जेवरात आदि माल की चोरी कर ली है। चोरी की इस बड़ी वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पर एएसपी सीओ समेत फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर जल्द घटना का पर्दाफाश करने का भरोसा दिया है वहीं बीएसएफ जवान के भाई ने इस चोरी की घटना में हुए नुकसान का सही आंकलन बीएसएफ जवान के घर आने पर ही होने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रावतपुर निवासी कौशलेंद्र सिंह कुशवाह पुत्र रंजीत सिंह कुशवाह का बिधूना दिबियापुर मार्ग पर गांव के सामने आवास है। वह मौजूदा समय में इंदौर में तैनात हैं और उनका परिवार भी उनके साथ रहता है। बीती रात उनके मकान के अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर और मकान के अंदर घुस कर कमरों के ताले चटकाकर उसमें रखे अलमारी व बक्सों को खोलकर 25 हजार रुपए नगद, दो सोने के हार, एक चैन, 8 अंगूठी, 6 चूड़ी, 1 जोड़ी पायल, करधनी, चांदी के 8 सिक्के आदि लाखों रुपए का माल चोरी कर लिया है। घटना की सूचना बीएसएफ जवान के भाई नरेश सिंह कुशवाह ने पुलिस को देते हुए यह भी कहा है कि उसके भाई को सूचना दे दी गई है और उसके आने पर ही चोरी के नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा, सीओ अशोक कुमार सिंह, कोतवाल ललित कुमार सिंह, उप निरीक्षक मुनीष कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गये, और मौका मुआयना किया। बाद में फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और फिंगरप्रिंट आदि नमूने लिए। चोरी की हुई इस बड़ी वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा ने बताया है कि घटना की हर पहलू पर गहन जांच पड़ताल की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और घटना का जल्द पर्दाफाश होने की उम्मीद है।





