उत्तर प्रदेशलखनऊ

यमुना के बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती इलाकों में बढ़ाई बेचैनी

फिलहाल खतरे के निशान 113 मीटर से अभी 11 मीटर नीचे, फिर भी ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ी, प्रशासन भी अलर्ट

जीटी-70017, राम प्रकाश शर्मा ब्यूरोचीफ औरैया।
12 जुलाई 2023

#औरैया।

कोटा राजस्थान के बांध से छोड़े गये पानी व जनपद में हो रही ताबड़तोड़ बारिश तथा उफान मारती चम्बल की चोट से जनपद से होकर गुजरने वाली एक बार फिर खतरे के निशान की ओर बढ़ती नजर आ रही है।यमुना के लगातार बढ़ते जलस्तर ने जहां तटवर्ती ग्राम निवासियों की धड़कनें तेज कर दी हैं तो वहीं प्रशासन की भी बेचैनी बढ़ा दी है। हालांकि शेरगढ़ घाट यमुना पुल पर आज बुधवार की शाम 4 बजे तक यमुना का जलस्तर 102.15 मीटर दर्ज कया गया। जो कि खतरे के निशान से अभी काफी नीचे बह रही है। लेकिन हर घण्टे आधा सेमी. जलस्तर बढ़ते रहने से लोगों की धुकधुकी तेज हो गई है।

यहां बता दें कि जनपद से गुजरने वाली यमुना नदी में अजीतमल के पास इटावा जालौन व भिण्ड की सीमा पर चम्बल, सिंध, पहूज एवं क्वारी नदियां मिलती हैं। जिसके चलते जनपद में यमुना जी का भव्य स्वरूप देखते को मिलता है। पड़ोसी जनपद जालौन को जोड़ने के लिए यहां 1988 में बिलराया पनवाड़ी राजमार्ग पर पुल बनाया गया था। पुल बनने के बाद यहां 1998 में भारी बाढ़ आयी। जिसने तटवर्ती गांवों में भीषण तबाही मचायी और जलस्तर रिकार्ड 119 मीटर से भी ऊपर दर्ज किया गया था। वहीं सन् 2021 में करीब 2 दशक बाद यहां ऐसा ही तबाही का मंजर फिर देखने को मिला, जब एक बार फिर जलस्तर 118 मीटर के करीब पहुंच गया। जिससे जनपद की यमुना पट्टी पर बसे गांव जुहीखा, बीझलपुर, अस्ता, मई, नौरी, क्योंटरा, मढ़ापुर जैसे कई दर्जन गांव चपेट में आकर पूरी तरह तबाह हो गये थे। बाढ़ का दंश झेल रहे इन गांवों के बाशिंदे अभी पूरी तरह सदमे से उभर भी नहीं पाये थे कि 2022 में ही कोटा बैराज एवं हरियाणा के हथनीकुण्ड बांध से कई लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से यमुना नदी के जलस्तर ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए और नदी का पानी खतरे के निशान 113 मीटर से 7 मीटर ऊपर 119.2 तक पहुंच गया। दर्जनों गांव कई फीट तक पानी में डूब गये। सिर्फ नाव पर बैठकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि यहां पर फला गांव हो सकता है। ग्रामीणों एवं मवेशियों के लिए ऊंचे स्थानों पर राहत शिविर बनाये गये। वीभत्स बर्बादी की संवेदनशीलता देखते हुए सूबे के कई मंत्रियों के अलावा खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां का हवाई सर्वेक्षण किया था। जिसके बाद उन्होंने बाढ़ग्रस्त गांवों को ऊचे में बसाने के लिए निर्देश दिए। जिसके फलस्वरूप तत्कालीन जिलाधिकारी प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव ने वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत करते हुए यमुना किनारे निचले स्थानों पर पड़ने वाले कई गांवों को बर्बाद होने से बचाने के लिए ऊंचे स्थान पर जगह अधिगृहित कराने की कवायद तेज की। पिछले दो सालों से लगातार बाढ़ का प्रकोप झेल रहे तटवर्ती बेल्ट के दर्जनों गांव अब लगातार बारिश के बाद बांधों से पानी छोड़े जाने को लेकर बेचैन हो उठें। चिंता और शिकन उठी उनके माथे पर साफ देखी जा रही है। वहीं जिला प्रशासन भी इस ओर नजरें गढ़ायें तो हुए है लेकिन बाढ़ से निपटने के लिए जो संवेदनशीलता दिखनी चाहिए वह फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है। जबकि लगातार तेज रफ्तार से बढ़ रहे जलस्तर से यमुना में एक बार फिर तबाही मचाने वाली बाढ़ की संभावना को नकारा नहीं जा सकता।

इनसेट……………………
जर्जर पुल पर लोगों का मजमा खतरे से खाली नहीं

औरैया। उफान मार रही यमुना में बाढ़ का नजारा देखने लोगों के बड़ी मात्रा में पुल पर पहुंचने और सेल्फी व रील्स बनाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। वैसे तो जब-जब यमुना में बाढ़ आयी है तो शहर व क्षेत्र के लोगों का मजमा शेरगढ़ घाट पुल पर देखने को मिला। लेकिन जब से एंड्रायड, सेल्फी तथा रील्स ने डिजिटल दुनिया में कदम रखा तब से यहां बाढ़ आने पर लोगों की भीड़ में कई गुना इजाफा हुआ। यहां तक कि भीड़ को देखते हुए यहां पानी पूरी, भेल, आइसक्रीम जैसी कई रेहड़ी वाले भी पहुंचने लगे। जिसने यहां मेले जैसा स्वरूप तैयार कर दिया। हालांकि पिछले साल तक पुल पर चलते भारी वाहनों के बीच एक साथ हजारों की भीड़ और झुककर या लटककर फोटो खींचने वाले कृत्य हादसों के प्रबल सबब माने जाते रहे हैं। लेकिन 1988 में बने इस पुल के जीर्णशींर्ण होने पर इसे जब इसी वर्ष 2023 के जनवरी माह पर कुछ दिन के लिए रोक दिया गया और आज भी यहां बड़े वाहन प्रतिबंधित हैं। ऐसे मंे जर्जर पुल पर इस तरह की भीड़ और बाढ़ के तेज पानी का दबाब खतरे से खाली नहीं है। यहां प्रशासन को पहले से ही पुल पर होने वाले खतरों को रोकने के लिए उचित इंतिजाम करने होंगे तो वहीं लोगों को भी यह समझना होगा कि स्थितियां पहले जैसी नहीं है। जर्जर पुल जब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता तब तक यहां खतरे की संभावना बरकरार है।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button