इटावा पुलिस ने कटहल के नीचे से पकड़ा 25 लाख का गांजा-

ग्लोबल टाइम्स 7 न्यूज़ नेटवर्क जिला इटावा ब्यूरो चीफ बृजेश पोरवाल
इटावा-इटावा पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले 04 अन्तर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया जिनके कब्जे से 128 किलोग्राम अवैध गांजा जिसकी कुल अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में 25 लाख रूo है व एक कंटेनर बरामद किया गया जिसकी कीमत 25 लाख रू० ऐसे कुल मिलाकर 50 लाख की रिकवरी की गई ।
रात्रि में थाना फ्रेण्डस कालोनी क्षेत्रांतर्गत पक्काबाग ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध व्यक्ति, वाहनों की चैकिंग की जा रही थी इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि कटहल से भरी एक आइसर कैंटर जिसमें कटहल के नीचे गांजा लदा हुआ है, कानपुर की ओर से आ रही है । सूचना के आधार पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा हाइवे पर पक्काबाग ओबरब्रिज के पास सघनता से चैकिंग की जाने लगी, तभी कानपुर की तरफ से एक उक्त गाडी आती हुई दिखाई दी, जिसे आवश्यक बल प्रयोग करते हुए घेराबंदी कर रोक लिया गया एवं उक्त कैंटर में बैठे 04 व्यक्तियों को पकड़ लिया गया, तथा गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से कटहल के नीचे 04 बोरियों में कुल 60 पैकेट गांजा बरामद किया गया ।

पुलिस पूछताछ- में बताया गया कि यह गांजा हम लोग उड़ीसा से लाकर राजस्थान केअलवर के आसपास बेचकर भारी मात्रा में मुनाफा कमाते है, तथा लगभग दो वर्ष पहले हम लोग एक बार उडीसा से गांजा की तस्करी कर राजस्थान के अलवर जिले में बेच चुके है ।
आपको बता दे गिरफ्तार अभियुक्त वीरेन्द्र सिंह पुत्र माखनलाल निवासी उस्मानपुर थाना खदौली कमिश्नरेट आगरा , अभय यादव पुत्र जगदीश सिंह निवासी नगला नया थाना इकदिल जनपद इटावा, राजेश चौधरी पुत्र देवनारायण निवासी मालीघाट थाना मिथनपुरा मुजफ्फरपुर बिहार , तथा सुनील गुप्ता पुत्र सुभाष चन्द्र निवासी रूरगंज थाना बिधूना जनपद औरैया के निवासी हैं ।
एसएसपी ने बताया इनमें से वीरेन्द्र हत्या के मामले में पहले जेल जा चुका है , वही राजेश भी थाना आदर्शनगर दिल्ली से वर्ष 2007 में जेल जा चुका है, तथा शेष अभियोगों के बारे में जानकारी की जा रही है ।





