उत्तर प्रदेशलखनऊ

प्रभारी मंत्री ने जिले में कई स्थानों का किया निरीक्षण

देवकली महोत्सव में मंत्री जी ने की शिरकत वितरित किए प्रमाण पत्र

ग्लोबल टाइम्स-7, डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क, जिला ब्यूरोचीफ राम प्रकाश शर्मा औरैया।

औरैया। मा० प्रभारी एवं मत्स्य मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान विकास खण्ड बिधूना के प्राथमिक विद्यालय नुनारी, विकास खण्ड सहार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय भूलाहार, ग्राम सेहुद में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया।भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्राम नुनारी में विद्यालय के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति कम पायी, जानकारी लेने पर पता चला कि विद्यालय के समय बदलने से कई बच्चों को जानकारी नहीं है। जिस पर नाराजगी जताते हुए अध्यापकों का एक दिन का वेतन रोके जाने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय में साफ-सफाई आदि को लेकर निर्देश भी दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार के निरीक्षण के समय मा० मंत्री जी ने स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर्स व स्टाफ की उपस्थिति कम पायी, साथ ही सामुदायिक शौचालय में ताला लगा हुआ पाया और स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी देख नाराजगी जताई और केंद्र प्रभारी से कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाएं पूर्ण रूप से जनता तक पहुंचे। इसके पश्चात प्राथमिक विद्यालय भूलाहार के निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित पाई गई।
ग्राम सेहुद में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूर्ण कराए जाने के लिए संबंधित संस्था के इंजीनियर को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कराया जाए जिससे कि लोगों को जल्द से जल्द सुविधा का लाभ प्राप्त हो सके। मा0 मंत्री जी ने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अभिषेक यादव को निर्देश दिए कि मेडिकल कालेज के लिए आने-जाने वाला रास्ता शीघ्र सही करा दिया जाए, जिससे आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने नुमाइश पंडाल में चल रहे देवकली महोत्सव 2023 के अंतर्गत किसान सम्मेलन के दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी सरकार द्वारा कोई भी योजना जमीनी स्तर तक नहीं पहुंचती थी, लोग दलाली में ही लिप्त रहते थे, परंतु वर्तमान भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार ने योजनाओं को लोगों के घरों तक पहुंचाया है और योजनाओं की राशि लाभार्थी के सीधे खाते में पहुंचाई है।
इस दौरान माननीय मंत्री ने विभागों द्वारा लगाए गये सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के स्टालों का निरीक्षण भी किया। साथ ही उन्होंने कहा कि अपनी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की छोटी-छोटी वीडियो क्लिप भी प्रचार-प्रसार के लिए बनवा कर रखें।
जिलाधिकारी प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव ने किसान सम्मेलन के दौरान मा0 प्रभारी एवं मत्स्य मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मा0 मंत्री जी ने कार्यक्रम के दौरान दो शिशुओं को अन्नप्राशन तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी की और रुद्राक्ष के पौधे का रोपण भी किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बिधूना लवगीत कौर, सीओ सिटी प्रदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button