पुलिस मुठभेड़ में दो वाहन चोर गिरफ्तार एक के पैर में लगी गोली..!

ग्लोबल टाइम्स -7 डिजिटल न्यूज नेटवर्क तहसील रसड़ा सुनील कुमार
रसड़ा (बलिया)क्षेत्र के नीबू कबीरपुर गांव के पास गुरुवार की भोर में पुलिस ने मुठभेड़ में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के समय पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसडा़ पर कराया गया। ज्ञातव्य हो कि चार नवम्बर को कस्बे के रेलवे क्रासिंग के पास बोलेरो चोरी होने की केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही थी।उसी सापेक्ष मे कोतवाल हिमेंद्र सिंह गुरुवार की भोर में नीबू कबीरपुर गांव की तरफ गश्त कर रहे थे। पुलिस के अनुसार भोर के करीब चार बजे बाइक से तीन लोग आते दिखे तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस के जवानों ने पीछा किया तो वह भागने लगे तथा कुछ दूर जाने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सिवान (बिहार) के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हरिहास निवासी 36 वर्षीय सुनील सिंह के पैर में गोली लग गयी तथा उसको पकड़ लिया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसके साथी हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ही सूरापुर निवासी मुकेश चौधरी को दबोच लिया, जबकि तीसरा साथी पूर्वी चम्पारण (बिहार) के तुरकोनिया थाना क्षेत्र के परसैन निवासी अंगद यादव फरार होने में कामयाब हो गया। मुठभेड़ की जानकारी होते ही पुलिस अफसर भी पहुंच गये। उपचार कराने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया।






