नवीमोहन में दिल दहला देने वाली वारदात, अज्ञात हमलावरों का कहर*

Breaking
धार धार हथियार से हमला कर भेड़ों की हत्या कर दी गई
क्रूरता की भयावह कहानी
*ग्लोबल टाईम्स 7 न्यूज नेटवर्क टीम औरैया संवाददाता चेतन गौर*
थाना सहायल क्षेत्र के ग्राम नवीमोहन में शनिवार सुबह बेहद दर्दनाक और अमानवीय घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात हमलावरों ने किसान रामलखन पुत्र बचकानी कठेरिया के घर के पास बने बाड़े में घुसकर बंधी भेड़ों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बाड़े में लगभग 70 भेड़ें बंधी थीं, जिनमें से करीब 40 पर ताबड़तोड़ वार किए गए। रविवार शाम तक 31 भेड़ों की मौत हो चुकी थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल पाई गई। ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने भेड़ों का गला रेत दिया। घटनास्थल पर खून से सनी जमीन, तड़पती घायल भेड़ें, इस क्रूरता की भयावह कहानी बयां कर रहे थे। कई भेड़ें घंटों तक दर्द से कराहती रहीं और धीरे-धीरे दम तोड़ती गईं। सुबह जब परिवार के लोग बाड़े में पहुंचे तो यह मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते गांव में खबर फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसने भी यह दृश्य देखा, उसकी आंखें नम हो गईं। पीड़ित किसान रामलखन ने बताया कि मृत 31 भेड़ों में लगभग 15 गर्भवती थीं। ऐसे में इस घटना से न सिर्फ वर्तमान बल्कि भविष्य की आय भी समाप्त हो गई। अनुमान है कि इस घटना से लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। अचानक इतनी बड़ी क्षति से परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है। घटना की सूचना मिलते ही सहायल थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। घायल भेड़ों की स्थिति को देखते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हृदेश कुमार को बुलाया गया। पशु चिकित्सा टीम ने घायलों का उपचार प्रारंभ किया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ भेड़ों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।






