अभीतक ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरा नहीं बन पाया पालिकाध्यक्ष ।

नगर पालिका परिषद घाटमपुर-
अभीतक ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरा नहीं बन पाया पालिकाध्यक्ष
- वर्ष 1989 में हुआ था पालिका का प्रथम चुनाव
- पहले चुनाव को छोड़, बैकवर्ड ही कुर्सी पर काबिज
21 नवंबर
अवध दीक्षित मुख्य न्यूज एडीटर gt7
कानपुर परिक्षेत्र (कानपुर)। जिले की सबसे बड़ी क्षेत्रफल वाली नगर पालिका परिषद घाटमपुर में अभीतक ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरा पालिकाध्यक्ष नहीं बन पाया है। प्रथम बार वर्ष 1989 में पालिका के चुनाव सामान्य सीट पर हुए थे। इसके बाद दूसरे चुनाव में सामान्य और उससे अगले (तीसरे चुनाव में) सामान्य महिला और फिर लगातार दो बार से सामान्य सीट होती चली आ रही है। लेकिन, पिछले पांच चुनावों से बैकवर्ड चेहरा ही पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हो रहा है। इस बार फिर अध्यक्ष पद को लेकर आरक्षण की रस्साकशी जारी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार सीट संभवता बैकवर्ड महिला या फिर दलित वर्ग के लिए आरक्षित होगी।
… कब कौन बना पालिका का चेयरमैन
नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए प्रथम चुनाव वर्ष 1989 में हुआ था। जिसमें सामान्य सीट पर रामस्वरूप गुप्ता उर्फ लल्लू सेठ पहले चेयरमैन चुने गए।
दूसरा चुनाव वर्ष 1996 में हुआ जिसमें सामान्य सीट पर सूर्यपाल यादव पालिका अध्यक्ष चुने गए। इस दौरान 1994 और 1995 में हुए (दो वर्ष के अंतराल) के अंतर्गत नगर पालिका का कार्यभार प्रशासक के जिम्मे रहा।
तीसरा चुनाव वर्ष 2002 में हुआ जिसमें राजेश चौरसिया घाटमपुर के चेयरमैन बने।
चौथा चुनाव वर्ष 2006 में हुआ। जिसमें सामान्य महिला सीट पर पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश चौरसिया की पत्नी नीलम चौरसिया अध्यक्ष चुनी गई।
पांचवा चुनाव वर्ष 2012 में हुआ। जिसमें सामान्य सीट पर चौधरी संजय सचान उर्फ गुड्डू चेयरमैन बने। इसके बाद पुनः वर्ष 2017 में हुए चुनाव में सामान्य सीट पर दूसरी बार भी संजय सचान ही चुनाव जीते। जो वर्तमान में चेयरमैन है।
अब होने जा रहे निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद घाटमपुर की अध्यक्ष पद की सीट किस कोटे में रिजर्व होती है उसे लेकर उहापोह है। जिसके चलते अभी प्रत्याशी चुप्पी साधे बैठे हुए हैं। जबकि कुछ लोग अध्यक्ष पद की संभावना को तलाशते हुए अंदर खाने से लोगों के बीच पैठ बनाने में जुट गए हैं।
…पालिका क्षेत्र में आबादी और मतदाता दोनों बढ़े
नगर पालिका परिषद घाटमपुर में वर्तमान में कुल 25 वार्ड है। जिनकी वर्तमान आबादी 55 हजार के आसपास है। नगर पालिका परिषद के जनगणना अभिलेख के मुताबिक वर्ष 2011 में नगर पालिका की कुल जनसंख्या 40596 थी। जबकि, करीब 10 हजार लोग बाहरी निवासी हैं। जो कस्बे में व्यापार और रोजी रोजगार कर रहे हैं। जिसके चलते औसतन 65 हजार व्यक्ति घाटमपुर में रहते हैं।
…पालिका क्षेत्र का सीमा विस्तार विचाराधीन
बीते करीब दो वर्षों से नगर पालिका परिषद क्षेत्र का सीमा विस्तार किए जाने की चर्चा जोरों से की जा रही है। कई बार पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव भी पारित किए गए। लेकिन सीमा विस्तार का मुद्दा अभी शासन स्तर पर विचाराधीन है।
बता दें कि, पालिका क्षेत्र से जुड़े नरायनपुर, जैतीपुर, गुच्चूपुर, स्योंदी ललईपुर, वीरपुर और भदरस गांवो का क्षेत्र पालिका सीमा में शामिल किया जाना प्रस्तावित है।
फोटो- नगर पालिका कार्यालय घाटमपुर।






