जनपदभर में उत्साह, हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

ग्लोबल टाइम्स 7 न्यूज नेटवर्क उत्तर प्रदेश
अलीगढ़
जिलाधिकारी ने महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर किया माल्यार्पण
महर्षि वाल्मीकि जी ने भगवान श्रीराम जी से साक्षात्कार कराया, हम सभी सदैव कृतज्ञ हैं: डीएम
महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण महाकाव्य सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों, राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श-जिलाधिकारी
अलीगढ़ 9अक्टूबर (सूवि) जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में रविवार को महर्षि वाल्मीकि जी की जयन्ती जनपद भर में पूरे उत्साह, उमंग, हर्षाेल्लास के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महर्षि वाल्मीकि जी से संबंधित स्थलों, मंदिरों पर दीप प्रज्जवलन के साथ-साथ वाल्मीकि रामायण पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों व राष्ट्रीय मूल्यों से मौजूद जनसामान्य को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने जनपद के पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर के शीशियापाडा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने भगवान श्रीराम जी से साक्षात्कार कराया। हम सभी सदैव कृतज्ञ हैं। महर्षि वाल्मीकि जी को आदि कवि के नाम से जाना जाता है। उनके द्वारा रचित रामायण महाकाव्य सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों एवं राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा अपने ग्रंथ में वर्णित स्थल जिन्हें राम-जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग के रूप में जाना जाता है।
डीएम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का समाज में अभिन्न योगदान रहा है। हम सभी को उनसे प्रेरणा लेकर उनके जीवन आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। इसी क्रम में महर्षि बाल्मीकि जयन्ती जनपद के सभी विकास खण्डों व तहसीलों के अन्तर्गत महर्षि बाल्मीकि जी से सम्बन्धित स्थलों, मन्दिरों आदि पर भी पूरे उत्साह, उमंग के साथ मनाते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।