बारिश एवं सब्जियों में रोग लगने से दामों में हुआ बड़ा इजाफा

महंगाई की मार-
अप्रत्याशित रूप से बढे़ सब्जियों के भाव
जीटी- 70017, राम प्रकाश शर्मा ब्यूरोचीफ औरैया।
24 जून 2023
#औरैया।
सब्जियों पर महंगाई की मार स्पष्ट तौर पर दृष्टिगोचर होने लगी हैं। अप्रत्याशित रूप से बढे़ सब्जियों के दामों से आम लोगों की थाली से सब्जियां भी गायब होने की कगार पर पहुंचती जा रही है। माटी के मोल बिकने वाला टमाटर एवं हरी धनिया के भाव अचानक अप्रत्याशित रूप से बढ़ गये हैं, इसके अलावा अन्य सब्जियों के भाव भी दोगुने से अधिक हो गये हैं, जिससे आम जनमानस सब्जी खरीदने के लिए हतोत्साहित होता जा रहा है। सब्जियों में इजाफा होने का कारण अभी हाल ही में हुई दो-तीन दिन की बरसात के अलावा सब्जियों में रोग लगना बताया जा रहा है। दालें तो पहले ही आम आदमी की थाली से गायब हो चुकी है, अब सब्जियों की महंगाई के चलते आमजन की थाली से सब्जियां भी गायब होने वाली हैं। इस महंगाई की मार मध्यमवर्गीय लोगों एवं गरीब मजदूरों पर पड़ने से इनकार नहीं किया जा सकता है।
सब्जियों में उछाल के बाद रेट सूची

औरैया। सब्जियों में पूर्व में बिक्री भाव एवं वर्तमान में बिक्री भाव में बड़े स्तर पर बढ़ोतरी हुई है जो अचानक बढ़ी हुई महंगाई को दर्शा रही है।
4 दिन पहले की भाव वर्तमान भाव रुपए प्रति किलोग्राम
आलू – – 15 – 20
टमाटर – – 10 – 100
हरी धनिया – – 40 – 100
भिंडी – – 15 – 40
पलवल – – 50 – 80
बैंगन – – 20 – 40
कुंदरू – – 25 – 40
शिमला मिर्च – – 40 – 60
कटहल – – 25 – 40
घुईयां – – 40 – 60
कद्दू – – 15 – 30
लौकी – – 20 – 40
तरोई – – 20 – 40
पालक – – 20 – 40
मूली – – 20 – 40
कच्चा प्याज – – 30 – 40
फूलगोभी – – 25 – 40
बंदगोभी – – 30 – 45
करेला – – 20 – 40
चुकंदर – – 30 – 40
दरहरी- – 30 – 40
खीरा – – 20 – 30
अदरक – – 80 – 180
लहसुन – – 40 – 160
गाजर – – 30 – 40
हरा मटर – – 80 – 100
रौसा – – 30 – 40
बींस – – 80 – 120
हरी मिर्ची – – 40 – 100
कच्चा आम – – 20 – 30
शहर के जेसीज चौराहा स्थित सब्जी विक्रेता दिलीप कुमार कश्यप ने बताया कि पिछले 3 दिनों हुई लगातार बारिश के चलते सब्जियां बाजार में नहीं आ सकी वहीं दूसरी ओर जो भी सब्जियां किसानों ने खेतों में तैयार की है उनमें कई प्रकार की रोग लग गये हैं, जिसके कारण अचानक मंडी में सब्जियों के थोक भाव बढ़ गए हैं। इसी कारण से सब्जियां महंगी हो गई हैं। महंगाई की मार के चलते सब्जियों की खरीदारी में काफी कमी आ गई है।