उत्तर प्रदेश

सूकरखेत और गोस्वामी तुलसीदास’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित, विद्वानों ने गोंडा को बताया तुलसी जन्मभूमि

Breaking




नई दिल्ली,

अवध संस्कृति उत्कर्ष समिति के तत्वावधान में 31 जुलाई 2025 को दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यकाम भवन में गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘सूकरखेत और गोस्वामी तुलसीदास’ का आयोजन किया गया, जिसमें साहित्य, इतिहास और संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े विद्वानों, साहित्यकारों, प्रशासकों एवं शिक्षाविदों ने सहभागिता कर विषय की गहराई को एक नई दृष्टि से प्रस्तुत किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता गोंडा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रीनारायण तिवारी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अधिष्ठाता प्रो. अनिल राय ने ऐतिहासिक प्रमाणों के आधार पर गोंडा जनपद के सूकरखेत क्षेत्र को गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली के रूप में रेखांकित करते हुए बताया कि यह भूभाग अयोध्या से लेकर घाघरा घाट तक विस्तारित है।

और प्राचीन ग्रंथों तथा ऐतिहासिक साक्ष्यों में इस क्षेत्र का उल्लेख स्पष्ट रूप से मिलता है, जिससे इसकी ऐतिहासिकता प्रमाणित होती है। तुलसी जयंती के इस विशेष अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के केन्द्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष राजेश सिंह ने भी सूकरखेत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यही वह पावन भूमि है, जहाँ गोस्वामी तुलसीदास को उनके गुरु नरहरिदास जी द्वारा रामकथा की दीक्षा प्राप्त हुई थी,

जिससे यह क्षेत्र तुलसी साहित्य की जन्मभूमि के रूप में प्रतिष्ठित होता है। संगोष्ठी का संयोजन एवं संचालन डॉ. संत शरण त्रिपाठी ने किया, जबकि ‘अवध संस्कृति सम्मान’ से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार दिलीप कुमार सिंह उर्फ दिलीप गोंडवी ने तुलसी साहित्य की सामाजिक प्रासंगिकता और उसकी जीवंतता पर अपने विचार रखते हुए बताया कि तुलसीदास की रचनाएं आज भी जनमानस को दिशा देने का कार्य कर रही हैं। आयोजन के अंत में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने सभी विद्वतजनों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को संस्कृति और चेतना से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक अवसर बताया। इस भव्य आयोजन में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव मिश्रा तथा उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भी विशेष सहभागिता की और कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति तथा तुलसी साहित्य को जनमानस से जोड़ने की दिशा में अत्यंत प्रेरक प्रयास है। कार्यक्रम में जितेंद्र शुक्ला, गौरव द्विवेदी, ठाकुर सूर्यकांत सिंह, संदीप सिंह, प्रधान दुर्जनपुर अशोक सिंह सहित सैकड़ों तुलसी-प्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।

Global Times 7

Related Articles

Back to top button